विश्व की सबसे लंबी महिला का अमेरिका में निधन
वाशिंगटन, 14 अगस्त (आईएएनएस)। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्डस के अनुसार विश्व की सबसे लंबी महिला सैंडी एल्लेन का अमेरिकी प्रांत इंडियाना में निधन हो गया।
इंडियाना के शेल्बेविले स्थित एक नर्सिग होम में 53 वर्षीया सैंडी का निधन हो गया। वे 2.31 मीटर लंबी थीं। अमेरिकी समाचार पत्र 'इंडियानापॉलिस स्टार' ने बुधवार को इस संबंध में खबर प्रकाशित की थी।
समाचार पत्र ने सैंडी के दोस्तों के हवाले से जानकारी दी कि वे कुछ महीने से बीमार चल रही थीं। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सैंडी की मौत के कारणों के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। वैसे वे रक्त संक्रमण, सांस संबंधी समस्या और मधुमेह से पीड़ित थीं।
गिनीज बुक के प्रमुख संपादक क्रेग ग्लेनडे ने कहा कि सैंडी ने विश्व की सबसे लंबी महिला का सम्मान प्राप्त किया था, इसके बाद वे एक अंतर्राष्ट्रीय हस्ती बन गई थी।
ग्लेनडे ने कहा कि सैंडी ऑस्कर विजेता फिल्म 'कासानोवा' में भी नजर आईं थी, इसके अलावा कई डाक्यूमेंट्री फिल्मों में उनकी चर्चा हो चुकी है। उन्होंने सैंडी को एक 'नम्र व विशालकाय' महिला के तौर पर याद किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।