पीआईओ विश्वविद्यालय खोलने पर विचार
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। सरकार देश में पीआईओ विश्वविद्यालय खोलने के बारे में उच्चतर शिक्षा ट्रस्ट, मणिपाल अकादमी की एक परियोजना रिपोर्ट पर विचार कर रही है। इसकी 50 प्रतिशत सीटें पीआईओ प्रवासी भारतीयों एनआरआई के लिए तथा बाकी की 50 प्रतिशत भारतीय निवासियों के लिए होंगी।
अकादमी से और अधिक विचार-विमर्श करने के बाद विश्वविद्यालय की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। एक उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने ऐसा विश्वविद्यालय स्थापित करने का निश्चय किया है। इस विश्वविद्यालय का स्तर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अधिनियम की धारा (3) के अनुसार मानित विश्वविद्यालय का होगा।
वर्ष 2004 में सरकार ने भारतीय मूल के प्रवासियों के लिए एक उच्चस्तरीय समिति नियुक्त की थी। इस समिति ने भारतीय प्रवासियों की अधिक आबादी वाले विभिन्न देशों का दौरा किया। इसने एक नया विश्वविद्यालय तथा प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी, मीडिया, कृषि अनुसंधान, दवाएं तथा खाद्य प्रसंस्करण आदि क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रमों की शिक्षण सुविधा के लिए व्यावसायिक संस्थानों को खोलने की सिफारिश की थी।
पीआईओ यूनिवर्सिटी के अलावा प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय ने अनेक कार्यक्रम शुरू किए हैं जिनका मुख्य उद्देश्य विदेशों में रह रहे युवाओं के लिए छात्रवृत्ति देना और भारत को जानिए आदि कार्यक्रमों का संचालन करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।