नेपाल में जेल से फरार कैदियों का कोई पता नहीं
काठमांडू, 14 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के दक्षिणी इलाके की एक जेल को तोड़कर बुधवार को फरार हुए भूमिगत सशस्त्र समूहों के लगभग 50 सदस्यों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। इनमें विभिन्न सशस्त्र समूहों के लगभग चार शीर्ष सरगना भी शामिल हैं।
भारत-नेपाल सीमा से लगी सिराहा जेल से बुधवार रात ये सभी फरार हो गए थे। इन भूमिगत समूहों को अमेरिका ने आतंकवादी सूची में रखा है।
जेल से फरार होने वालों में जनतांत्रिक तराई मुक्ति मोर्चा (जेटीटीएम) से अलग हुए वरिष्ठ नेता तूफान सिंह बिद्रोही, एक अन्य संगठन 'बिक्रांत' के बिस्फोट सिंह, 'लिट्टे' के नाम से मशहूर संगठन के प्रमुख राम लोचन सिंह और 'संयुक्त जनतांत्रिक तराई मुक्ति मोर्चा' के नेता जासो यादव शामिल हैं।
जेल से फरार कैदियों में से पुलिस ने दो गिरफ्तार किया है, वहीं पुलिस फायरिग में एक कैदी की मौत हो गई। मारे गए कैदी की पहचान सोनेलाल यादव के रूप में हुई है। वह मादक पदार्थो का तस्कर था और तराई इलाके के परसा जिले का रहने वाला था।
पुलिस को आशंका है कि कई कैदी भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए हैं, क्योंकि अधिकतर कैदी भारतीय मूल के थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।