विहिप के चक्का जाम का बिहार में मिला-जुला असर
पटना, 13 अगस्त (आईएएनएस)। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित जमीन वापस किए जाने की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के दो घंटे के देशव्यापी चक्का जाम का बिहार में मिला-जुला असर देखा गया।
राजधानी पटना समेत राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में विहिप के कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम की वहीं कुछ स्थानों पर रेल आवागमन को बाधित किया गया।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक भागलपुर, लखीसराय, बांका, गया, जमालपुर, फुलवारी में लोगों ने रेल चक्का जाम किया। बांका में रेल पटरी जाम के कारण जहां इंटरसिटी एक्सप्रेस को रोक देना पड़ा वहीं लखीसराय में विक्रमशिला एक्सप्रेस को जाम के कारण रूकना पड़ा।
गया में प्रदेश मंत्री सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विहिप के कार्यकर्ताओं ने रेल व सड़क मार्ग दो घंटे तक जाम रखा। पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग आठ सौ विहिप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि केवल पटना से लगभग एक सौ विहिप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।