संघर्ष से जार्जिया की नाटो सदस्यता पर कोई प्रभाव नहीं
ब्रसेल्स, 13 अगस्त (आईएएनएस)। नाटो महासचिव जैप डी होप शेफर ने कहा है कि दक्षिण ओस्सेतिया में हुए संघर्ष से जार्जिया की नाटो सदस्यता की संभावना पर कोई प्रभव नहीं पड़ेगा।
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की निर्णायक परिषद की बैठक में दक्षिण ओस्सेतिया की स्थिति पर विचार करने के बाद डी होप शेफर ने कहा कि इस मामले में बुखारेस्ट घोषणा कायम है।
अप्रैल में बुखारेस्ट बैठक के दौरान नाटो नेताओं ने यूक्रेन और जार्जिया को नाटो सदस्यता का वादा किया था। लेकिन इसके लिए कोई समय सीमा नहीं निर्धारित की गई थी।
नाटो महासचिव ने संघर्ष के दौरान जार्जिया को नाटो में शामिल किए जाने के सवाल को टाल दिया। अब नाटो के नेता दिसंबर में पुन: यूक्रेन और जार्जिया की सदस्यता के दावे पर विचार करेंगे।
अप्रैल में इन दोनों देशों के दावे का फ्रांस और जर्मनी ने विरोध किया था। विश्लेषकों के अनुसार ऐसा रूस के भारी दबाव के कारण किया गया।
इसमें कोई संदेह नहीं है कि दिसंबर में जब नाटो सदस्य इस मुद्दे पर बैठक करेंगे तब रूस-जार्जिया संघर्ष के कारण उनमें चिंता अवश्य होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।