जार्जिया-रूस फ्रांस की मध्यस्थता वाली शांति योजना पर सहमत (लीड-1)
तबलिसी, 13 अगस्त (आईएएनएस)। जार्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकशविली से भेंट करने के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने कहा कि जार्जिया और रूस फ्रांस की मध्यस्थता में तैयार नई शांति योजना पर सहमत हो गए हैं।
सरकोजी ने कहा कि इस शांति प्रस्ताव पर बुधवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों के साथ चर्चा की जाएगी और उसके बाद कानूनी रूप से लागू किए जाने वाले एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
साकशविली ने कहा कि वे तुरंत युद्धविराम लागू करने और सेनाओं को सात अगस्त से पहले की स्थिति में वापस बुलाने के लिए सहमत हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि जार्जिया की अखंडता और शरणार्थियों से संबंधित मामलों में उनका देश कोई छूट नहीं देगा।
दोनों राष्ट्रपतियों ने कहा कि इस मामले पर अगले चरण में जार्जिया और रूस के बीच फ्रांस की उपस्थिति में होने वाली वार्ता में चर्चा होगी।
गौरतलब है कि फ्रांस और रूस के राष्ट्रपति मंगलवार को दक्षिण ओस्सेतिया मामले को हल करने के लिए छह सूत्रीय सिद्धान्त पर सहमत हो गए थे।
रूसी राष्ट्रपति दमित्रि मेदवेदेव ने कहा कि इसमें पहला सूत्र हिंसा के उपाय का सहारा नहीं लेना है। दूसरा सभी सैनिक कार्रवाईयां रोकना है। तीसरा मानवीय सहायता मुक्त रूप से जाने देना है। चौथा जार्जिया की सेनाओं को उनके अड्डे पर वापस लौटना है। पांचवा रूसी सेनाओं का संघर्ष शुरू होने से पहली की स्थिति में वापस लौटना है।
मेदवेदेव ने कहा कि दक्षिण ओस्सेतिया और अब्खाजिया की स्थिति पर अतंर्राष्ट्रीय चर्चा और इस दौरान उनकी सुरक्षा का आश्वासन छठवां सूत्र है।
मेदवेदेव ने कहा कि दक्षिण ओस्सेतिया और अब्खाजिया की स्थिति पर विचार करते समय तस्किनवाली पर जार्जिया द्वारा किए गए हमले को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने फरवरी में कोसोवो द्वारा एकतरफा स्वतंत्रता की घोषणा और अमेरिका तथा यूरोपीय संघ के बहुसंख्यक देशों द्वारा उसे तुरंत मान्यता दिए जाने का भी उदाहरण दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*