अब होटलों में महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था
मुंबई, 12 अगस्त (आईएएनएस)। देश के प्रमुख होटलों में अब महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कई प्रमुख होटलों में उनके ठहरने के लिए अलग मंजिल की व्यवस्था की जा रही है।
आईटीसी श्रृंखला के होटलों ने इस संबंध में कदम उठाए गए हैं। आईटीसी ने 'इवा फ्लोर्स' नाम से महिलाओं के लिए अलग मंजिल की शुरुआत की है। इन मंजिलों पर पुरुषों का प्रवेश वर्जित होगा।
मुंबई के आईटीसी मराठा के महाप्रंबधक धुनजी कावर्णा ने आईएएनएस को बताया कि महिलाओं के लिए सुरक्षा एक प्रमुख मुद्दा होता है, इसी कारण उनके लिए विशेष तौर बनाई पर गई मंजिलों पर पुरुषों का प्रवेश वर्जित रखा गया है।
कावर्णा ने कहा कि महिलाओं के लिए बनाई गई मंजिलों पर महिला कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। ताज ग्रुप, ओबेराय, जेडब्ल्यू मेरियट, हयात जैसे होटल भी महिलाओं के लिए खास इंतजाम कर रहे हैं।
नई दिल्ली स्थित ताज होटल में महिलाओं के लिए एक अलग विंग की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के लिए होटलों में खास व्यवस्था कोई नई बात नहीं है, लेकिन उनके अलग मंजिल की व्यवस्था करना देश में एक नया प्रयोग है।
आईटीसी मराठा ने 'इवा फ्लोर्स' पर 18 कमरों की व्यवस्था की है। प्रत्येक कमरे में वीडियो फोन की व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।