घाना में सबसे ज्यादा परियोजनाएं भारतीय कंपनियों की
जोहानसबर्ग, 12 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी अफ्रीकी देश घाना में सबसे ज्यादा परियोजनाएं भारतीय कंपनियों की चल रही हैं। इस मामले में भारत चीन से भी आगे निकल गया है।
जोहानसबर्ग, 12 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी अफ्रीकी देश घाना में सबसे ज्यादा परियोजनाएं भारतीय कंपनियों की चल रही हैं। इस मामले में भारत चीन से भी आगे निकल गया है।
घाना निवेश प्रोत्साहन केंद्र (जीआईपीसी) से मिली जानकारी के मुताबिक इस देश में भारतीय कंपनियों की 17 नई और बड़ी-बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। यह संख्या घाना में चीन की नई परियोजनाओं से अधिक है।
जीआईपीसी के एडवर्ड असांग-लार्टी ने समाचार सेवा 'सेक24' से कहा, "सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि और बिजली जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विदेशी निवेश के लिए हमने भारत, चीन और मध्य-पूर्व के देशों पर ध्यान केंद्रित किया है।"
लार्टी ने कहा कि हालांकि संख्या के आधार पर घाना में भारत और चीन की सबसे ज्यादा परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन निवेश के मामले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बाजी मार ली है। यूएई ने इस वर्ष घाना में रेल परियोजना के विस्तार में दो अरब डालर का निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि नाइजीरिया निवेश के मामले में दूसरे स्थान पर है। उसने विभिन्न परियोजनाओं में 79.4 करोड़ डालर निवेश किया है। लार्टी के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर घाना का सबसे बड़ा कारोबारी भागीदार बनकर उभरा है।
जीआईपीसी के मुताबिक भारत और चीन वर्ष 2007 में घाना में स्वर्ण उत्पादन के मामले में भी शीर्ष पर जा पहुंचे हैं। दक्षिण अफ्रीका हालांकि इस महाद्वीप का सबसे बड़ा स्वर्ण उत्पादक देश है और वर्ष 1994 के बाद से अब तक उसने घाना में भारी निवेश किया है। लेकिन दक्षिण अफ्रीका का निवेश मुख्य रूप से खनन, वित्तीय सेवाओं और खुदरा क्षेत्र में हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।