उमा भारती को झटका, प्रदेश महासचिव की भाजपा में वापसी
भोपाल, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनशक्ति (भाजश) की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती को आज उस समय करारा झटका लगा जब उनकी पार्टी के प्रदेश महासचिव भगवान दास सवनानी ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। सबनानी की गिनती उमा भारती के करीबियों में रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सबनानी ने प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करते हुए इसे अपनी घर वापसी बताया। सबनानी भाजश छोड़ने की कोई वजह नहीं बताते, सिर्फ इतना कहते हैं कि वे तो अपने घर वापस लौटे हैं।
सबनानी ने जब सदस्यता ग्रहण की तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संगठन मंत्री माखन सिंह सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सबनानी द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर पार्टी नेताओं को लगता है कि इसका उन्हें लाभ मिलेगा।
दूसरी ओर भाजश के प्रदेशाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ने कहा कि सबनानी ने भाजपा सदस्यता सत्ता के प्रलोभन और दबाव के चलते ली है। सबनानी मन से तो काफी पहले ही भाजपा में चले गए थे, तन से आज गए हैं। साथ ही वे कहते हैं कि भाजश में वही रह सकता है जिसमें सत्ता से लड़ने की ताकत हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।