भारत और रूस के बीच सूचनाओं का पर्याप्त आदान-प्रदान नहीं
नई दिल्ली, 12 अगस्त(आईएएनएस)। बालीवुड अभिनेता राजकपूर की चरम लोकप्रियता वाले देश रूस और उसके परंपरागत मित्र भारत के बीच सूचनाओं का पर्याप्त आदान-प्रदान नहीं होने से दोनों देशों के बुद्घिजीवी चिंतित हैं। मास्को और नई दिल्ली के बीच आयोजित एक वीडियो कांफ्रेंस में यही मसला छाया रहा।
'रूस और भारत एक-दूसरे के बारे में कैसे जाने: जन सूचना संसाधन की भूमिका' विषय पर आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में दोनों देशों के मीडिया प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक विभाग के अधिकारियों ने वैचारिक आदान-प्रदान किया। यह संवाद ऐसे वक्त आयोजित किया गया, जब वर्ष 2008 को 'भारत-रूस मैत्री वर्ष' के तौर पर मनाया जा रहा है।
दोनों देशों के बुद्घिजीवियों ने द्विपक्षीय रिश्तों में नई जान फूंकने के लिए वैचारिक संपर्क बढ़ाए जाने और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया। सोमवार को आयोजित इस वीडियो वार्ता में दोनोंे देशों के व्यापारियों, वैज्ञानिकों और उद्योगपतियों ने भी भाग लिया।
उनका मानना है इस रिश्ते को प्रगाढ़ बनाने में दोनों देशों के मीडिया की खास भूमिका हो सकती है। नेशनल एसोसिएशन ऑफ रशियन ब्राडकास्टर्स के अध्यक्ष एडवार्ड सागालेव ने कहा, "हमें रिश्ते को पारदर्शी बनाने के लिए एक दूसरे के साथ संपर्क बढ़ाना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।