मुशर्रफ का अमेरिकी कोष के दुरुपयोग से इंकार

राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि अमेरिका से मिलने वाली करोड़ों डॉलर की सहायता राशि का मुशर्रफ ने दुरुपयोग नहीं किया। मुशर्रफ के प्रवक्ता राशिद कुरैशी ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया, "यह आरोप निराधार और बेतुके हैं। वर्ष 2001 से जो भी सहायता राशि मिली, उसका पूरा हिसाब है।"
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने ब्रिटेन की पत्रिका 'संडे टाइम्स' को दिए साक्षात्कार में मुशर्रफ पर अमेरिकी सहायता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने सशस्त्र बलों के लिए सालाना एक अरब डॉलर की सहायता मिली।
उन्होंने कहा था कि पाकिस्तानी सेना को उसमें से 25 से 30 करोड़ डॉलर तक की राशि मिली थी, लेकिन बाकी राशि का क्या किया? अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान को सैन्य सहायता के तौर पर करोड़ो डॉलर की रकम दी गई थी।
गौरतलब है कि जरदारी और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेता नवाज शरीफ ने गुरुवार को मुशर्रफ के खिलाफ महाभियोग लगाने का फैसला लिया था।


Click it and Unblock the Notifications