चीन में विस्फोट में 8 मरे, 4 घायल (लीड-1)
बीजिंग, 10 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के पश्चिमोत्तर प्रांत जिनजियांग का कुका काउंटी रविवार को बम धमाकों और गोलीबारी से दहल उठा। धमाकों और गोलीबारी से यहां आठ लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
जिनजियांग प्रांत चीन केअशांत इलाकों में गिना जाता है। यहां लगभग 80 लाख उइगुर मुस्लिम रहते हैं। यहां एक तुर्की भाषी जातीय समूह चीनी सरकार का लंबे समय से विरोध करता आया है।
कुका काउंटी में रविवार तड़के विस्फोटों का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार मृतकों में सात हमलावर और एक सुरक्षाकर्मी शामिल है। हमले में दो आम नागरिक और दो पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस ने एक हमलावर को मार गिराया और एक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार इन हमलों में 15 व्यक्ति शामिल थे।
पुलिस के अनुसार आत्मघाती हमलावरों ने सरकारी कार्यालयों को अपना निशाना बनाया। काउंटी के विभिन्न इलाकों में 12 धमाके हुए। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार पहले धमाके के बाद आधे घंटे तक गोलीबारी हुई।
कम्युनिस्ट पार्टी की जिनजियांग शाखा ने एक बयान जारी कर इन हमलों को आतंकवादी घटना करार दिया। पार्टी ने इसके लिए उइगुर अलगाववादी समूह 'ईस्ट तुर्कीस्तान इस्लामिक मूवमेंट' (ईटीआईएम) को जिम्मेदार ठहराया है।
हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि इन धमाकों के पीछे किस संगठन का हाथ है। उल्लेखनीय है कि यह धमाका उस समय हुआ है, जब बीजिंग में ओलंपिक हो रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।