दक्षिण ओस्सेतिया में रूसी सेनाएं बनी रहेंगी (लीड-1)
न्यूयार्क, 10 अगस्त (आईएएनएस)। रूस ने कहा है कि जार्जिया से अलग हुए दक्षिण ओस्सेतिया में रूसी मूल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए उसकी सेनाएं वहां बनी रहेंगी।
न्यूयार्क, 10 अगस्त (आईएएनएस)। रूस ने कहा है कि जार्जिया से अलग हुए दक्षिण ओस्सेतिया में रूसी मूल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए उसकी सेनाएं वहां बनी रहेंगी।
उधर संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि संघर्ष जार्जिया से अलगाव की मांग करने वाले एक अन्य प्रांत अब्खाजिया में भी फैल गया है।
संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रतिनिधि विताली चुरकिन ने बंद कमरे में हुई 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि रूस राजनीतिक और मानवीय कारणों से दक्षिण ओस्सेतिया में बना रहेगा।
उन्होंेने दावा किया कि गुरुवार से शुरू हुए संघर्ष में अब तक करीब 2000 नागरिकों की मौत हुई है और करीब 30,000 लोग बेघर हो गए हैं।
चुरकिन ने कहा कि हम उसी स्थिति में वहां से हटेंगे जब यह सुनिश्चित कर लेंगे कि वहां कोई नरसंहार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर मसला है।
चुरकिन ने संघर्ष विराम को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि जब संघर्ष बढ़ रहा है तो यह कोई सही हल नहीं है। उन्होंने दक्षिण ओस्सेतिया से जार्जियाई सेनाओं की वापसी की मांग की।
उन्होंने सुरक्षा परिषद पर जार्जिया में संघर्ष के पीछे की घटनाओं को समझने में असफल रहने का आरोप लगाया। रूसी प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि सुरक्षा परिषद के कुछ सदस्य संघर्ष से संबंधित एक औपचारिक बयान जारी करने की राह में अड़ंगा डाल रहे हैं।
उधर जार्जिया में संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत राबर्ट मुलेट ने सुरक्षा परिषद को बताया है कि संघर्ष अब जार्जिया से अलगाव की मांग कर रहे एक अन्य प्रांत अब्खाजिया में भी फैल गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*