बीजिंग ओलंपिक : नौकायन में जोहल का निराशाजनक प्रदर्शन जारी
बीजिंग, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक में हिस्सा ले रहे भारत के एकमात्र नाविक नक्षत्र सिंह जोहल का खराब प्रदर्शन जारी है। रविवार को तीसरी और चौथी दौड़ में सिर्फ 23 और 24 अंक हासिल करने के कारण जोहल अपने प्रतिद्वंद्वी नाविकों के बीच सबसे पीछे पहुंचते दिख रहे हैं।
शनिवार को जोहल ने पहली दौड़ में चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद वे दूसरी दौड़ में 24वें स्थान पर खिसक गए थे। इस खराब प्रदर्शन ने उन्हें प्रतियोगिता में 22वें स्थान पर धकेल दिया है।
जाच रिले प्रतियोगता में सबसे आगे चल रहे हैं। जाच चार में से एक भी दौड़ नहीं जीत सके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे 11 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। ब्रिटेन के बेन इंसले दूसरे स्थान पर हैं। इंसले ने दो दौड़ जीती है, लेकिन पहली दौड़ में 10वें स्थान पर रहने के कारण वे पहले स्थान से चूक गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*