हांगकांग की महिलाएं आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा आत्मनिर्भर
सिंगापुर, 10 अगस्त (आईएएनएस)। हांगकांग, चीन और सिंगापुर की महिलाएं अपनी खरीदारी के लिए पुरुषों पर निर्भर नहीं रहती हैं। एक नए सर्वेक्षण में पाया गया है कि एशिया में यहां की महिलाएं आर्थिक रूप से ज्यादा आत्मनिर्भर हैं।
रविवार को जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक हांगकांग की महिलाएं आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा आत्मनिर्भर पाई गईं। सर्वेक्षण में शामिल यहां की 81 प्रतिशत महिलाएं खरीदारी के लिए खुद पैसे चुकाती हैं। चीन में यह आंकड़ा 75 प्रतिशत है।
समाचार पत्र 'बिजनेस टाइम्स' के मुताबिक यह सर्वेक्षण बाजार पर शोध करने वाली संस्था 'साइनोवेट' ने किया। सर्वेक्षण में शामिल सिंगापुर की लगभग तीन चौथाई महिलाओं ने कहा कि वे अपनी खरीदारी के खर्च का वहन खुद ही करती हैं।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक सर्वेक्षण में 15 से 64 वर्ष उम्र की दो हजार से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। यह सर्वेक्षण क्षेत्र की महिलाओं की खर्च करने की प्रवृत्ति पर अध्ययन के लिए किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**