बीजिंग ओलंपिक : क्या कर रहे हैं भारतीय अधिकारी !
बीजिंग, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय खिलाड़ियों के साथ बीजिंग पहुंचे भारतीय अधिकारी वहां क्या कर रहे हैं, यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
बड़े होटलों में आराम फरमाते इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर बातें की जा रही हैं। कम से कम भारतीय पत्रकारों और भारतीय पर्यटकों के बीच तो इस बात की चर्चा है ही।
ये अधिकारी जिन होटलों में रह रहे हैं, उनके नाम बड़े कठिन हैं। ऐसी स्थिति में ये अधिकारी होटलों का नाम और पता अपने साथ लेकर घूम रहे हैं।
अधिकारियों की भूमिका को लेकर कुछ भी साफ नहीं है। वैसे तो ये भारतीय खिलाड़ियों के साथ उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए आए हैं, लेकिन समय रहते ये उन बातों का अवलोकन भी कर रहे हैं, जिनकी 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के दौरान जरूरत पड़ सकती है।
मसलन, ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों का कैसे आयोजन किया जाए। इस काम के लिए हालांकि भारतीय ओलंपिक संघ और राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति ने कुछ महीने पहले ही अपना प्रतिनिधिमंडल चीन भेजा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।