पर्यावरण के अनुकूल खाना पकाने की विधियां सिखाती पुस्तक
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (टेरी) ने एक अनोखी पुस्तक प्रकाशित की है जिसमें पर्यावरण के अनुकूल खाना पकाने की विधियां सुझाई गई हैं।
टेरी का प्रकाशन शाखा टेरी प्रेस ने राजधानी के 'द पार्क होटल' के सहयोग से शुक्रवार को 'द ओरिजिनल ऑर्गेनिक कुकबुक : रेसीपीज फॉर हेल्दी लिविंग' नामक यह पुस्तक जारी की। इस पुस्तक को मुंबई के निकट स्थित शिलिम के 'हिल्टन होटल' के मुख्य शेफ ने लिखा है।
टेरी के महानिदेशक और जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के अंतर्सरकारी पैनल के प्रमुख आर.के. पचौरी, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के स्थानीय प्रतिनिधि मैक्सिन ओल्सन और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य अजय जडेजा ने पुस्तक का विमोचन किया।
पुस्तक की महत्ता बताते हुए पचौरी ने कहा, "किफायती घर वही होता है, जहां ऊर्जा की बचत की जा सके। ऐसे घरों में पकाया जाने वाला खाना भी पर्यावरण के अनुकूल होना चाहिए। इसलिए ऐसी पुस्तक की आवश्यकता थी।"
पचौरी ने कहा कि हम भारी मात्रा में कीटनाशकों से युक्त भोजन का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में आवश्यक है कि हम कीटनाशक रहित जैविक खाद्य पदार्थ अपनाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।