रूसी राष्ट्रपति ने दक्षिणी ओस्सेतिया में मानवीय सहायता का आदेश दिया
मास्को, 9 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने जार्जिया और दक्षिण ओस्सेतिया के बीच जारी संघर्ष से प्रभावित लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने का आदेश दिया है।
'क्रेमलिन प्रेस सर्विस' ने कहा है कि, "राष्ट्रपति ने जार्जिया-दक्षिणी ओस्सेतिया संघर्ष से प्रभावित लोगों को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री व्लादिमिर पुतिन, आपात स्थिति मंत्री सेर्गेइ शोइगु और आंतरिक मंत्री राशिद नूरगालियेव को निर्देश दिया है।"
जार्जिया ने शुक्रवार को अलग होने की मांग कर रहे दक्षिण ओस्सेतिया क्षेत्र पर हमला शुरू किया है। इसके बमवर्षक विमानों ने कई इलाकों में बमबारी की है।
समाचारों के अनुसार दक्षिण ओस्सेतिया गणराज्य की राजधानी तास्किनवाली का काफी अधिक हिस्सा नष्ट हो गया है। अधिकारियों के अनुसार भारी संख्या में नागरिकों की मौत हुई है।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेइ लेवरोव ने कहा, "मानवीय सहायता लेकर जा रहा एक रूसी काफिला भी बमबारी की चपेट में आ गया है। स्थानीय जनता में भय फैल रहा है और शरणार्थियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। कुछ गांवों में जातीय नरसंहार की भी सूचना मिली है।"
दक्षिणी ओस्सेतिया के काकेशश क्षेत्र पर अधिकार करने के लिए रूस और जार्जिया के बीच शुक्रवार को संघर्ष हुआ था। इस संघर्ष में सैकड़ों नागरिकों के मारे जाने और घायल होने का समाचार है।
अमेरिका, यूरोपीय संघ, नाटो सहित कई अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और संस्थाओं ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।
दक्षिणी ओस्सेतिया के नेता एडुअर्ड कोक्वाइटी ने कहा कि एक अगस्त से शुरू हुए संघर्ष में अब तक करीब 1400 नागरिकों की मौत हो चुकी है। संघर्ष में गुरुवार से तेजी आई।
रूसी सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जार्जिया की ओर से की गई गोलाबारी के कारण तास्किनवाली में 12 रूसी शांति सैनिकों की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*