नागासाकी पर परमाणु हमले की 63वीं बरसी पर श्रद्धांजलि
टोक्यो, 9 अगस्त (आईएएनएस)। नागासाकी पर 1945 में हुए अमेरिकी परमाणु बम हमले के शिकार लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को शहर के शांति पार्क में करीब 5,400 लोग एकत्र हुए।
इस अवसर पर नागासाकी के मेयर तोमाहिसा तायु ने दुनिया के नेताओं से परमाणु हथियार समाप्त करने की अपील की।
तायु ने कहा, "परमाणु हमले का शिकार हुए देश के नाते जापान का यह कर्तव्य और जिम्मेदारी है कि वह परमाणु हथियारों को खत्म करने के लिए पहल करे।"
उन्होंने कोरिया प्रायद्वीप से भी परमाणु शस्त्र पूरी तरह समाप्त करने को कहा। उन्होंने कहा कि जापानी सरकार को उत्तर कोरिया से परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह समाप्त करने की मांग करनी चाहिए।
समारोह में जापान के प्रधानमंत्री याशुओ फुकुदा भी रूस सहित आठ राष्ट्रों के प्रतिनिधियों के साथ उपस्थित थे।
इस अवसर पर उन्होंने औपचारिक रूप से जापान के परमाणु हथियार नहीं बनाने, नहीं रखने और अपनी भूमि पर उनको तैनात नहीं करने के तीन सिद्धांतों को फिर दोहराया।
परमाणु हमले के शिकार लोगों की स्मृति में सुबह 11.02 बजे मौन रखा गया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1945 में इसी समय अमेरिका द्वारा गिराए बम के कारण नागासाकी में 74,000 लोगों की मौत हुई थी। नागासाकी में हुए बम हमले के छह दिन बाद जापान ने आत्मसमर्पण कर दिया था, इससे प्रशांत महासागर में विश्व युद्ध का अंत हो गया।
इस साल के 31 मार्च तक के आंकड़ों के अनुसार परमाणु बम हमले में जीवित बचे करीब 243,692 लोग जापान में या विदेशों में रह रहे हैं। इनकी औसत आयु 75 वर्ष है।
इस वर्ष अन्य 3,058 लोगों को नागासाकी हमले के पीड़ितों के रूप में शामिल किए जाने से इससे पीड़ित लोगों की संख्या 145,984 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।