अमेरिका में एंथ्रेक्स हमले की जांच से जुड़े दस्तावेज जारी
वाशिंगटन, 7 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी न्याय विभाग ने बुधवार को वर्ष 2001 के एंथ्रेक्स हमले में एक सरकारी वैज्ञानिक के शामिल होने से संबंधित जांच के दस्तावेजों को सार्वजनिक कर दिया।
इन हमलों के कारण पूरे देश में दहशत फैल गई थी। इन दस्तावेजों में ब्रूक इविंस की संपत्तियों की जांच के आदेशों का विवरण है। ब्रूक ने पिछले सप्ताह यह सूचना मिलने के बाद आत्महत्या कर ली कि उसे एंथ्रेक्स भरे पत्र भेजने के मामले में अभियुक्त बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2001 को न्यूयार्क में हुए आतंकी हमले के एक हफ्ते बाद ये पत्र भेजे गए थे।
62 वर्षीय ब्रूक मरीलैंड स्थित फोर्ट डेट्रिक सरकारी जैवरक्षा प्रयोगशाला में एंथ्रेक्स शोधकर्ता के रूप में काम करता था। उसका नाम अधिकारिक रूप से कभी भी संदेहास्पद लोगों की सूची में नहीं था। लेकिन अदालत के दस्तावेजों से पता चला है कि उसकी संपत्तियों की तलाशी के आदेश अक्टूबर 2007 में दिए गए थे।
एंथ्रेक्स युक्त पत्र अक्टूबर 2001 में समाचार संस्थानों के कार्यालयों और कांग्रेस सदस्यों के पास भेजे गए थे। इसमें पांच लोगों की मौत हुई थी और 22 लोग संक्रमित हुए थे।
अदालत के दस्तावेजों के अनुसार इन पत्रों को भेजते समय ब्रूक के पास एंथ्रेक्स का बड़ा बर्तन था। ब्रूक ने जांचकर्ताओं को अपनी प्रयोगशाला से एंथ्रेक्स के गलत नमूने दिए। जिस रात एंथ्रेक्स वाले पत्र भेजे गए उस रात प्रयोगशाला में अपने काम के बारे में भी वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
लेकिन एंथ्रेक्स मामले में केवल एकमात्र ज्ञात संदेह सूत्र ब्रूक के सहयोगी स्टीवन हाटफिल को अदालत ने बरी कर दिया। मीडिया में उनका नाम एक संदेहास्पद व्यक्ति के रूप में लीक होने के कारण न्याय विभाग ने उनको 58 लाख डालर का जुर्माना दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*