एएफसी कप : म्यांमार से भिड़ने को तैयार है भारत
हैदराबाद, 6 अगस्त (आईएएनएस)।आत्मविश्वास से भरपूर भारतीय फुटबाल टीम गुरुवार को म्यांमार के खिलाफ होने वाले एशियाई फुटबाल महासंघ (एएफसी) चैलेंज कप मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत अगर यह प्रतियोगिता जीतने में सफल रहा तो वह 2011 में दोहा में होने वाले एशिया कप में खेलने की योग्यता हासिल कर लेगा। हालांकि भारतीय खिलाड़ी इतनी दूर की नहीं सोच रहे हैं। फिलहाल, उनका पूरा ध्यान म्यांमार के खिलाफ होने वाले मैच पर है।
भारत और म्यांमार के बीच यह दूसरा फुटबाल मुकाबला है। चार वर्ष पहले वियतनाम में खेले गए एलजी कप के दौरान भारत ने म्यांमार को 2-1 से पराजित किया था। हालांकि वह मैच खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प के लिए ज्यादा याद किया जाता है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामले को निपटाया जा सका था।
म्यांमार के कोच मार्कोस एंतोनियो फालोपा का मानना है कि चार वर्ष के अंतराल के बाद काफी कुछ बदला है। फालोपा अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश हैं। हालांकि वे मानते हैं कि उनकी टीम को अभ्यास के लिए कम समय मिला।
भारत के कप्तान बाइचुंग भूटिया, रेनेडी सिंह, सुकुमार सिंह, महेश गवली और दीपक मंडल म्यांमार के खिलाफ पहले मैच में खेले थे। हालांकि गुरुवार को भूटिया, सुकुमार और रेनेडी ही म्यांमार के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
फालोपा ने साफ किया है कि उनकी टीम भूटिया पर विशेष निगाह रखेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।