मध्य प्रदेश में कांग्रेस आक्रामक होगी : पचौरी
भोपाल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आक्रामक रुख अख्तियार करने के मूड में है। वह होर्डिग से लेकर जन सभाओं तक में प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमले बोलेगी। पार्टी के आक्रामक होने का खुलासा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में किया।
पूरे प्रदेश की संभागीय समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेकर लौटे पचौरी ने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके सामने कई सुझाव रखे, जिनपर अमल किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस रणनीति बना रही है। इसके तहत प्रदेश सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को पूरे जोर शोर से उजागर किया जाएगा। कांग्रेस के अन्य संगठनों की मदद से भाजपा और प्रदेश सरकार के खिलाफ अभियान चलेंगे।
पचौरी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में प्रखर वक्ताओं को भेजा जाएगा। आम आदमी तक पार्टी अपनी बात पहुंचाने के लिए लोक संगीत का सहारा लेगी और प्रदेश सरकार की हकीकत उजागर करने वाले होर्डिंग लगाए जाएंगे।
समन्वय समितियों की बैठक में कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन नामावलियों में गड़बड़ियां होने की शिकायतें भी पचौरी से की। उन्होंने बताया कि इस स्थिति से मध्यप्रदेश के निर्वाचन अधिकारी को भी उनकी पार्टी ने अवगत करा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।