बसपा महाधिवेशन को सफल बनाने में जुटा उप्र का प्रशासिनक अमला
लखनऊ, 5 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्वाचल में बाढ़ की समस्या से इतर प्रदेश का शीर्ष प्रशासनिक अमला राजधानी लखनऊ में नौ अगस्त को होने वाले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महाधिवेशन को सफल बनाने में जुटा हुआ है। महाधिवेशन स्थल की सुरक्षा के लिए डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगें वहीं बसपा कार्यकर्ताओं के लिए परिवहन निगम 100 अतिरिक्त बसें चलाएगा। स्वास्थ्य विभाग आधुनिक अस्पतालों के निर्माण में लगा हुआ है।
लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाले महाधिवेशन में लगभग छह लाख कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रमुख सचिव गृह फतेह बहादुर सिंह ने सोमवार देर रात संबंधित अधिकारियों के साथ गहन मंत्रणा की।
लखनऊ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिल कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिए उप-पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में तीन पुलिस अधीक्षक, 40 उप पुलिस अधीक्षक, 400 दारोगा, 1200 जवान, 250 यातायात पुलिसकर्मी, 20 कंपनी पीएसी, पांच बम निरोधक दस्ता एवं विध्वंसकारी गतिविधियों को रोकने के लिए सात टीमों को तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल के आसपास होटलों, धर्मशालाओं में रूकने वाले लोगों और किराएदारों के सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। एक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वह गत एक अगस्त से आयोजन स्थल पर दिन में कई बार तैयारियों का जाएजा लेने जाते हैं।
कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए 150 डाक्टर सहित पैरामेडिकल कर्मचारियों की एक टीम गठित की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि आयोजन स्थल पर 15-15 बिस्तरों के आधुनिक अस्पताल बनेंगे। इसके अलावा 50 एंबुलेंस तैयार रहेंगे।
उधर, राज्य परिवहन निगम ने 100 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। इसके अलावा करीब 50 बसें रिजर्व में रखी जाएंगी।
इस बीच पुलिस अधीक्षक (रेलवे) काशीनाथ सिंह ने राजकीय रेलवे चौकी प्रभारियों को ट्रेनों में कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण यात्रियों को असुविधा से बचाने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*