सांसद शहाबुद्दीन पर जेलर को धमकाने का मामला दर्ज
पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। सिवान जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन पर जेलर ने कथित तौैर पर धमकी देने और बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया है।
सांसद पर जेलर रामबहादुर सिंह ने आरोप लगाया है कि एक अधिकारी के पक्ष में उनके द्वारा भेजे एक पत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने के कारण सांसद ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया और धमकी दी।
सिंह ने सोमवार को बताया कि उन्होंने रविवार को सिवान पुलिस थाने में सांसद के विरूद्ध शिकायत दर्ज करवाई। जिलाधिकारी वंदना प्रेयसी ने इस बात की पुष्टि की है कि सांसद के विरूद्ध जेल अधिकारी के साथ बुरा बर्ताव करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि सांसद ने उन्हें एक अधिकारी के पक्ष में एक पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए भेजा, जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो सांसद ने उन्हें धमकी और गाली दी। हालांकि, अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि सांसद ने किस अधिकारी के पक्ष में पत्र भेजा था।
जेल में बंद बाहुबली सांसद के खिलाफ जेल अधिकारियों के खिलाफ बुरा बर्ताव करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री एम. ए. ए. फातमी से भेंट करने की इजाजत नहीं मिलने पर उन्होंने जेलर संजीव कुमार को धमकी दी थी।
सांसद ने वर्ष 2006 में सहायक जेलर वशिष्ठ राय को धमकी दी थी। उन पर 40 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण और विदेशी विनिमय कानून का उल्लंघन जैसे संगीन मामले शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications