भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करेगा बांग्लादेश
ढाका, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने भारत, पाकिस्तान व श्रीलंका के साथ द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर का निर्णय किया है।
इन देशों के बीच हुए बहुपक्षीय व्यापार समझौते के विफल होने के मद्देनजर बांग्लादेश सरकार ने यह कदम उठाया है।
बांग्लादेश के दैनिक समाचार पत्र 'न्यू एज' ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में निर्णय रविवार को वाणिज्य मंत्रालय में शेयरधारकों व विशेषज्ञों की बैठक में हुआ। वाणिज्य व शिक्षा सलाहकार हुसैन जिल्लूर रहमान ने बैठक की अध्यक्षता की।
भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को लेकर होने वाली बातचीत में परिवहन व क्षेत्रीय संपर्क जैसे मुद्दे स्वाभाविक तौर पर उठेंगे। समाचार पत्र ने बांग्लादेश के पूर्व विदेश सचिव फारुख सुभान को यह कहते हुए उद्धत किया है।
सुभान के अनुसार उनके देश को इन मामलों पर अपना पक्ष साफ कर देना चाहिए। सेना समर्थित सरकार में वित्त मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे वाणिज्य सलाहकार ने कहा कि प्रस्तावित समझौतों को सार्वजनिक व निजी क्षेत्रों की संयुक्त भागीदारी के तहत पूरा किया जाएगा ताकि देश के हितों का पर्याप्त पोषण हो सके।
इन तीनो देशों में स्थित बांग्लादेश के उच्चायोग को इस मामले में अपनी राय देने के लिए कहा गया है। विश्व व्यापार संगठन व दक्षेस शिखर सम्मेलन में विभिन्न देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पाने की वजह से बांग्लादेश सरकार को यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications