बीजिंग ओलंपिक: ई-टिकटिंग घोटाले का भंडाफोड़
बीजिंग, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक के ऑनलाइन टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर एक वेबसाइट ने अनेक खेलप्रेमियों के साथ धोखाधड़ी की है।
अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड तथा ब्रिटेन सहित अनेक देशों के नागरिक तथा आस्ट्रेलियाई ओलंपिक फुटबाल टीम के सदस्यों के परिजन भी इस धोखे के शिकार हुए।
'बीजिंगटिकटिंग डॉट कॉम' नामक एक वेबसाइट ने ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के लिए शुक्रवार को 1,750 डालर और सोमवार को 2,150 डालर मूल्य के टिकट यह कहते हुए उपलब्ध कराए थे कि यह कीमत अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक है।
टिकट बिक्री के मामले में खुद को अत्यंत विश्वसनीय बताते हुए वेबसाइटन ने तैराकी समेत विभिन्न प्रमुख प्रतियोगिताओं के टिकट भी उपलब्ध कराए थे।
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) और यूनाइटेड स्टेट्स ओलंपिक कमेटी (यूएसओसी) ने उम्मीद व्यक्त की है कि इस वेबसाइट को सोमवार शाम तक प्रतिबंधित कर दिया जाएगा क्योंकि यह एक टिकट संबंधी एक बड़े घोटाले का हिस्सा हो सकती है। इससे पहले आईओसी और यूएसओसी ने 23 जुलाई को ऐसी ही अन्य वेबसाइट 'बीजिंग-टिकट्स 2008 डॉट काम' को प्रतिबंधित कर दिया था।
इस मामले पर टिप्पणी करते हुए आस्ट्रेलियाई ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जान कोट्स ने सोमवार को कहा, "मुझे उन लोगों से सहानुभूति है जो ठगी के शिकार हुए। हमने हमेशा लोगों से कहा है कि वे टिकट आस्ट्रेलिया के आधिकारिक आपूर्तिकर्ता से खरीदें।"
गौरतलब है कि ओलंपिक के वास्तविक टिकट केवल आधिकारिक एजेंट्स अथवा वेबसाइट 'टिकट्स डॉट बीजिंग 2008 डॉअ सीएन' पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications