स्टिंग की किंग है भाजपा : कांग्रेस
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। 'वोट के बदले नोट' प्रकरण के मद्देनजर नित नई-नई सीडी जारी किए जाने को लेकर शुरू हुई राजनीतिक जंग के मद्देनजर सत्तधारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का नेतृत्व कर रही कांग्रेस ने प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्टिंग का किंग बताया है।

कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "स्टिंग आपरेशन के मामले में भाजपा को महारथ हासिल है। उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष घूस लेते रंगे हाथों पकड़े गए थे।"
उन्होंने कहा कि भाजपा के जिन तीन सांसदों अशोक अर्गल, फग्गन सिंह कुलस्ते और महावीर भगोरा ने समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल पर विश्वास मत का बहिष्कार करने के लिए रिश्वत देने का आरोप लगाया है, उनकी पृष्ठभूमि पहले से ही दागी का रहा है।
नटराजन ने कहा, "भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके सांसद नोटों की गड्डी लेकर संसद परिसर में कैसे घुस आए। उन्हें जब सारी सच्चाई पता थी तो पैसे आने के बाद भी उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत क्यों नहीं की या फिर लोकसभा अध्यक्ष को ही इसकी जानकारी क्यों नहीं दी।"
उन्होंने कहा विश्वास मत में अपनी हार सुनिश्चित देखकर भाजपा ने नोटों की गड्डी संसद में लहराने का नाटक रचा। उनका मकसद विश्वास मत को रोकना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।