दस्यु सरगना ठोकिया मारा गया, एसटीएफ ने बदला चुकाया (लीड-2)
चित्रकूट/झांसी, 4 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश केछह से अधिक जिलों में आतंक का पर्याय डकैत अंबिका प्रसाद पटेल उर्फ ठोकिया को उत्तरप्रदेश पुलिस के विशेष कार्रवाई दल (एसटीएफ) ने सोमवार सुबह चित्रकूट जिले में मुठभेड़ में मार गिराया। एसटीएफ ने कहा कि उसने अपने छह साथियों की मौत का बदला चुका लिया है।
भरतकूप थाना प्रभारी एच.एस. यादव ने आईएएनएस को बताया कि ठोकिया के अलावा उसके गिरोह के कई और डकैत घायल हुए हैं। लेकिन वे भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से एक सेमी ऑटोमेटिक रायफल, 2 डबल बैरल और एक सिंगल बैरल रायफल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक दस्यु सरगना ठोकिया पर 50 से ज्यादा हत्या, डकैती और अपहरण के मामले दर्ज थे और उस पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एसटीएफ और ठोकिया के गिरोह के बीच चित्रकूट जिले के चिलखोरी गांव में मुठभेड़ हुई, जिसमें बीहड़ का आतंक ठोकिया मारा गया।
ठोकिया की मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के आधा दर्जन जिलों में सल्तनत चलती थी। उत्तरप्रदेश के बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और मध्यप्रदेश के सतना, रीवा व पन्ना में उसके नाम से लोग डरते थे। उसकी ताकत इतनी थी कि पुलिस दल उससे मुठभेड़ करने तक से कतराने लगे थे।
बुंदेलखंड के कुख्यात डकैत शिव प्रसाद पटेल उर्फ ददुआ के मारे जाने के बाद ठोकिया ने एसटीएफ के छह जवानों की हत्या कर दी थी। उसके पास आधुनिक हथियार तो थे ही उसका गैंग भी बड़ा था।
पुलिस और ठोकिया की दुश्मनी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके चित्रकूट के बीहड़ में मारे जाने के तुरंत बाद एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ यश ने कहा कि उन्होंने आज वह वादा पूरा किया है जो अपने छह साथियों के मारे जाने पर किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications