नैना देवी हादसा : माता-पिता की बाट जोह रही है दुधमुंही बच्ची
नैना देवी, 4 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के नैना देवी मंदिर में रविवार को मची भगदड़ में अपने परिजनों से बिछुड़ी एक साल की बच्ची को सिर्फ "मम्मी" पुकारना ही आता है, लेकिन उसकी मां का कहीं कुछ पता नहीं।
रविवार को मंदिर में भगदड़ मच जाने से 145 लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद जब बच्ची को लेने कोई नहीं आया, तो जिला प्रशासन ने उसे 'नैना देवी मंदिर ट्रस्ट' के अधिकारियों को सौंप दिया।
बच्ची की देखरेख कर रही एक महिला ने बताया, "बच्ची अपनी मां के पास जाने के लिए लगातार रो रही है। हमें उम्मीद है कि बच्ची के परिजन उसे ढूंढ़ लेंगे और वह अपने घर लौट जाएगी।"
पंजाब के नाभा शहर के एक निवासी को यह बच्ची भगदड़ के बाद बेहोशी की हालत में मिली थी। वह उसे चिकित्सकों के पास ले आया।
बच्ची का उपचार करने वाले एक चिकि त्सक ने बताया, "बच्ची को बेहोशी की अवस्था में यहां लाया गया था। हमने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला प्रशासन को सौंप दिया। फिलहाल वह मंदिर के पदाधिकारियों के पास है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications