स्टार ग्रुप भारत में छह नए चैनल लाने की तैयारी में
मुंबई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती रूपर्ट मरडॉक की कंपनी स्टार ग्रुप लिमिटेड भारत में अगले बारह महीनों में छह नए टीवी चैनल शुरू करने के लिए कुल 10 करोड़ डालर का निवेश करेगी।
मुंबई में डाओ जोंस के भारत स्थित टाइटन 30 सूचकांक के लोकार्पण के अवसर पर रूपर्ट मरडॉक ने इसकी घोषणा की।
स्टार ग्रुप लिमिटेड विश्व की अग्रणी मीडिया संगठन न्यूज कॉर्पोरेशन की अनुषंगी इकाई है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष न्यूज कॉर्पोरेशन ने वैश्विक व्यापार समाचार और सूचना सेवा कंपनी डाओ जोंस को कुल 5 अरब डालर की राशि में अधिग्रहीत किया था।
मरडॉक ने कहा कि उनकी कंपनी न्यूज कॉर्पोरेशन के पास फिलहाल भारतीय समाचार पत्र उद्योग में हिस्सेदारी या शेयर खरीदने की कोई योजना नहीं है क्योंकि यहां प्रिंट उद्योग में सरकार ने विदेशी निवेश की सीमा 26 फीसदी तय कर रखी है।
मरडॉक ने कहा कि वे नहीं देखना चाहते कि उनकी कंपनी की यहां के प्रिंट उद्योग में मामूली हिस्सेदारी हो। स्टार ग्रुप के फिलहाल 17 चैनल भारत में पहले से हैं। स्टार ग्रुप के अधिकारियों के अनुसार आने वाले सभी नए चैनल क्षेत्रीय होंगे।
मरडॉक ने कहा कि डाओ जोंस की भारत में स्थित टाइटन 30 सूचकांक बीएसई व एनएसई में सूचीबद्ध 30 बड़े शेयरों के प्रदर्शन को दर्शाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications