भारत-ओमान के बीच गैर तेल व्यापार दो अरब डालर के पार जाने की संभावना
दुबई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। भारत व ओमान के बीच मौजूदा वर्ष के अंत तक गैर तेल क्षेत्रों में द्विपक्षीय व्यापार के दो अरब डालर के स्तर को पार कर जाने की संभावना है। ओमान में भारत के राजदूत अनिल वाधवा ने यह जानकारी दी।
भारत-ओमान व्यापार मंच की सप्ताहांत हुई तीसरी बैठक को संबोधित करते हुए वाधवा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2008 की प्रथम तिमाही के दौरान गैर तेल क्षेत्रों में द्विपक्षीय व्यापार में 35 से 40 फीसदी की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
वाधवा के अनुसार मौजूदा वित्तीय वर्ष के अंत तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार के दो अरब डालर के जादुई स्तर को पार कर जाने की संभावना है। इस मंच की स्थापना इसी वर्ष फरवरी में ओमान में भारतीय राजदूत वाधवा की पहल पर हुई थी। सप्ताहांत हुई बैठक मुख्यतया दोनों देशों में आधारभूत संरचना के विकास पर केंद्रित रहा।
बैठक के बाद भारतीय उच्चायोग से जारी बयान में कहा गया है कि वर्ष 2007 के दौरान दोनों देशों के बीच कुल 1.8 अरब डालर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ जो वर्ष 2006 की तुलना में 98 फीसदी ज्यादा है। इसमें ओमान द्वारा भारत को की गई एलएनजी गैस के निर्यात की राशि भी शामिल है।
वाधवा ने इस बात को भी रेखांकित किया कि यह विस्मयकारी संयोग ही है कि दोनों ही देशों में आधारभूत संरचना, रियल एस्टेट व विनिर्माण जैसे क्षेत्र हालिया दिनों में विकास की धुरी रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications