अमरनाथ विवाद : जम्मू में पुलिस फायरिंग में कई घायल (लीड-1)
जम्मू, 4 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू में सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फायरिंग किए जाने की घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
सूत्रों के अनुसार सांबा शहर में पठानकोट-जम्मू राजमार्ग पर प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने फायरिंग की। रिपोर्ट के अनुसार हिंसक प्रदर्शनों में कम से कम दो लोगों की मौत भी हुई।
हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार राजमार्ग पर भारी संख्या में प्रदर्शनकारी श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) को आवंटित भूमि को वापस करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में बीस से अधिक लोग घायल हुए।
इस बीच जम्मू में तीन दिन बाद सोमवार को कर्फ्यू में तीन घंटे की ढील दी गई। अमरनाथ भूमि विवाद के सिलसिले में शुक्रवार को भड़की हिंसा के बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया था।
जम्मू क्षेत्र के सांबा, राजौरी, उधमपुर और भद्रवाह जैसे संवेदनशील इलाकों में प्रतिबंध जारी है तथा शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना ने फ्लैग-मार्च किया।
सुबह सात बजे कर्फ्यू में ढील के दौरान लोग बड़ी संख्या में घरों से निकले और उन्होंने जरूरत की चीजें खरीदीं। शहर के कुछ हिस्सों में चंद दुकानें भी खुलीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू में ढील के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
अमरनाथ भूमि विवाद को लेकर लगातार 12वें दिन बंद रखे जाने के कारण ज्यादातर दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और वाहन नहीं चले।
अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति(एवाईएसएस) के समन्वयक लीला करण शर्मा ने बताया, "हम केवल यही चाहते हैं कि श्राइन बोर्ड को भूमि लौटा दी जाए।"
इस बीच, दो स्थानीय टीवी चैनलों का प्रसारण रविवार रात से शुरू हो गया। चैनलों के अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि आंदोलन के मद्देनजर उनके चैनलों को सील कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications