कोइराला ने सोनिया और आडवाणी से मुलाकात की (लीड-1)
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत सत्ताधारी दल व विपक्ष के आला नेताओं से मुलाकात कर नेपाल की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा की।
कोलंबो में संपन्न हुए दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) की बैठक में हिस्सा लेने के बाद कोइराला दिल्ली पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी ने नेपाल में लोकतांत्रिक सरकार के गठन की प्रक्रिया में भारत की ओर से हर संभव मदद का उन्हें आश्वासन दिया।
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से भी मुलाकात की।
नेपाल में हालिया दिनों संपन्न हुए आम चुनावों में माओवादियों के बाद सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरे नेपाली कांग्रेस के मुखिया गिरिजा प्रसाद कोईराला ने इन नेताओं से भेंट कर नेपाल में राष्ट्रीय सहमति से नई सरकार के गठन में हो रही परेशानियों पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि सार्क शिखर बैठक के दौरान कोइराला ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भेंट कर नेपाल की राजनीतिक परिस्थति पर चर्चा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications