डब्ल्यूटीओ के महानिदेशक अगले सप्ताह भारत आएंगे
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के महानिदेशक पास्कल लामी अगले सप्ताह भारत दौरे पर आ रहे हैं। उनके भारत दौरे का उद्देश्य जेनेवा में आयोजित दोहा दौर की वार्ता को फिर से पटरी पर लाना है।
विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में वाणिज्य सचिव जी. के. पिल्लई ने कहा कि पास्कल लामी 12 और 13 अगस्त के आस -पास भारत आएंगे।
पिल्लई के अनुसार वे यहां सरकार व उद्योग जगत के साथ बातचीत के लिए आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जेनेवा में आयोजित डब्ल्यूटीओ की दोहा दौर की वार्ता विशेष निगरानी प्रणाली पर जारी मतभेद को लेकर बेनतीजा समाप्त हो गई थी।
इस प्रणाली में इस बात का प्रावधान है कि विकासशील देश घरेलू स्थितियों के मद्देनजर आयात पर प्रतिबंध लगाने को स्वतंत्र होंगे। भारतीय पक्ष को विश्व के सौ विकासशील व कम विकसित देशों का समर्थन हासिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications