सर्वोच्च न्यायालय पर हमले की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी में सर्वोच्च न्यायालय और पटियाला हाउस न्यायालय परिसर में बम धमाके करने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को यहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
सुभाष गुलाटी नाम के एक वकील को न्यायालय के परिसरों में हमले करने संबंधी एक खत मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।
गुलाटी ने यह खत न्यायालय प्रशासन और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों तक पहुंचा दिया। इस खत में सर्वोच्च न्यायालय तथा पटियाला हाउस न्यायालय परिसरों में मंगलवार को धमाके करने की धमकी दी गई है।
खबर लगते ही पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और गहन तलाशी अभियान छेड़ दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम कर दिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया," यह धमकी झूठ साबित हो सकती है, लेकिन हम इसे हल्के ढंग से नहीं ले सकते और जरूरी उपाय कर लिए गए हैं।"
धमकी के बाद न्यायालय में आने वालों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है और वकीलों से भी सुरक्षाकर्मियों से सहयोग करने को कहा गया है।
बंगलौर और अहमदाबाद धमाकों के बाद से दिल्ली पुलिस को बम की दस झूठी धमकियां मिल चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications