तीसरी सीडी : वोट के बदले नोट प्रकरण भाजपा प्रयोजित
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। गत माह की 22 तारीख को विश्वास मत के दौरान उजागर हुए 'वोट के बदले नोट' प्रकरण में एक नया मोड़ आ गया है। सत्ताधारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के तीन घटक दलों ने सोमवार को एक नई सीडी जारी की, जिसमें दिखाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस पूरे प्रकरण को प्रायोजित करवाया था।
भाजपा पर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा, "भाजपा नेताओं द्वारा किए गए दावे गलत साबित हुए हैं।"
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के रामविलास पासवान के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में मुलायम ने कहा कि भाजपा के दावों में कई खामियां हैं। भाजपा ने आरोप लगाया था कि विश्वासमत के दौरान सांसदों की खरीद-फरोख्त की गई।
भाजपा के तीन सांसद अशोल अर्गल, फग्गन सिंह कुलस्ते और महावीर भगोरा ने लोकसभा में विश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान ही नोटों की गड्डियां लहरा दी थीं।
विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सपा महासचिव अमर सिंह और कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल ने उन्हें मतदान में शामिल नहीं होने के लिए तीन-तीन करोड़ रुपये देने की बात कही थी।
मुलायम सिंह ने कहा कि यह पूरा प्रकरण प्रायोजित था।
सीएनएन-आईबीएन चैनल ने इस प्रकरण का स्टिंग ऑपरेशन किया था, जिसने बाद इसे प्रसारित करने से इनकार कर दिया।
इससे पहले मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की ओर से जारी एक सीडी में भी इस पूरे प्रकरण को भाजपा द्वारा प्रायोजित करार दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*











Click it and Unblock the Notifications