बुंदेलखंड का दस्यु सरगना ठोकिया मारा गया (लीड-1)
चित्रकूट, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बुंदेलखंड में दहशत के पर्याय बन चुके कुख्यात दस्यु सरगना अंबिका प्रसाद उर्फ ठोकिया को उत्तरप्रदेश विशेष कार्रवाई दस्ते (एसटीएफ) ने आज सुबह एक मुठभेड़ में मार गिराया।
बताया जा रहा है कि एसटीएफ और ठोकिया की मुठभेड़ चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिलखोरी गांव के जंगलों में हुई।
भरतकूप थाना प्रभारी एच.एस. यादव ने आईएएनएस को बताया कि ठोकिया के अलावा उसके गिरोह के कई और डकैत घायल हुए हैं। लेकिन वे भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से एक सेमी ऑटोमेटिक रायफल, 2 डबल बैरल और एक सिंगल बैरल रायफल बरामद की गई है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ यश ने घटना के बारे में अभी कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उधर, चित्रकूट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी.के.राय ने आईएएनएस से ठोकिया के मारे जाने की पुष्टि की। पर इससे ज्यादा कुछ बताने से उन्होंने भी इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक दस्यु सरगना ठोकिया पर 50 से ज्यादा हत्या, डकैती और अपहरण के मामले दर्ज थे और उसपर सरकार ने 5 लाख रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications