तीसरे सोमवार को कांवड़ियों से पटा वाराणसी
वाराणसी, 4 अगस्त (आईएएनएस)। सावन के तीसरे सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने वाले कांवरियों से पूरा शहर पट गया है। सोमवार को श्रद्धालुओं व कांवड़ियों की भीड़ को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में वाराणसी के अपर पुलिस अधीक्षक सुरक्षा ए. पी. सिंह ने बताया कि वैसे तो पूरे सावन माह में यहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ आती है लेकिन सोमवार के दिन यही भीड़ काफी बढ़ जाती है, इसलिए सुचारु रुप से दर्शन पूजन सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं बाबा के सुलभ तरीके से दर्शन करने के लिए लगभग एक किलोमीटर के आसपास बैरिकेटिंग कराई गयी है, ताकि श्रद्धालु कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कर सकें। उन्होंने बताया कि सावन मास में सोमवार को आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये गये हैं, जिसमें सुरक्षा बलों के साथ ही अग्निशमन दल, एंबुलेंस, डाग स्क्वायड, बम डिस्पोजल दस्ता सहित रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया जाता है।
सिंह ने बताया कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में स्थित धर्मशालाओं, लाजों व अन्य विश्राम गृहों की भी चेकिंग करायी जा रही है। इसके साथ ही ड्यूटी में लगे सुरक्षाकर्मियों को हमेशा सतर्क रखने के उद्देश्य से डमी चेकिंग भी कराई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications