अमरनाथ विवाद : जम्मू में कर्फ्यू में 3 घंटे की ढील
जम्मू, 4 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में तीन दिन बाद सोमवार को कर्फ्यू में तीन घंटे की ढील दी गई। अमरनाथ भूमि विवाद के सिलसिले में शुक्रवार को भड़की हिंसा के बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया था।
जम्मू क्षेत्र के सांबा, राजौरी, उधमपुर और भदरवाह जैसे संवेदनशील इलाकों में प्रतिबंध जारी है तथा शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना फ्लैग-मार्च कर रही है।
सुबह सात बजे कर्फ्यू में ढील के दौरान लोग बड़ी संख्या में घरों से निकले और उन्होंने जरूरत की चीजे खरीदीं। शहर के कुछ हिस्सों में चंद दुकाने भी खुलीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू में ढील के दौरान किसी किस्म की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
अमरनाथ भूमि विवाद को लेकर लगातार 12वें दिन बंद रखे जाने के कारण ज्यादातर दुकाने और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और वाहन नहीं चले।
अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति(एवाईएसएस) के समन्वयक लीला करण शर्मा ने बताया, "हम केवल यही चाहते हैं कि श्राइन बोर्ड को भूमि लौटा दी जाए।"
इसबीच, दो स्थानीय टीवी चैनलों का प्रसारण रविवार रात से शुरू हो गया। चैनलों के अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि आंदोलन के मद्देनजर उनके चैनलों को सील कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications