झारखंड में मनोरोगियों की संख्या में वृद्धि
पटना, 3 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड का पलामू एक ऐसा जिला है जहां कुछ वषरें के अंदर मनोरोगियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। पलामू में इस वर्ष अब तक 116 मनोरोगियों को चिन्हित किया गया है, जिनका इलाज रांची स्थित 'रांची इंस्टीच्यूट ऑफ न्यूरो साइकेटरी एंड एलायड साइंस' (रिनपास) में कराया जा रहा है।
पलामू में कार्य कर रही एक गैर सरकारी संगठन ग्रामीण समाज कल्याण विकास मंच यहां पांच हजार से ज्यादा मनोरोगियों के होने की आशंका जता रही है।
संस्था के सचिव हशमत रब्बानी ने बताया कि दिल्ली स्थित स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा सर्वे ऑफ मेंटल हेल्थ रिसरेस में बताया गया है कि झारखंड में गंभीर रूप से प्रभावित मनोरोगियों की संख्या 2़ 7 लाख है, जबकि लगभग 13़ 5 लाख लोग आंशिक रूप से प्रभावित हैं।
हाल के वषरें में हुए मनोरोगियों की संख्या में वृद्धि को रिनपास के चिकित्सक भी स्वीकारते हैं। रिनपास के चिकित्सा उपाधीक्षक डाक्टर कालाचंद मांझी ने बताया कि रिनपास के बाह्य चिकित्सा केन्द्र में प्रतिदिन औसतन 150 से 180 मरीज आते हैं। जबकि वर्ष 2001 में यहां रोगियों की संख्या मात्र 30 से 35 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*