गौतमी एक्सप्रेस हादसे में मरने वालों की शिनाख्त नहीं हो सकी
हैदराबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश की वारंगल जिले में शुक्रवार तड़के गौतमी एक्सप्रेस के पांच डिब्बों में आग लगने से मारे गए यात्रियों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। दुर्घटना में कम से कम 31 यात्रियों की मौत हो गई थी।
दुर्घटना के कई घंटे गुजर जाने के बाद भी मृतकों में केवल दो की ही शिनाख्त हो सकी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ मृतकों की पहचान में जुटे हैं। यह दुर्घटना के-समुद्रम रेलवे स्टेशन के समीप हुई।
गौतमी एक्सप्रेस सिंकदराबाद से काकीनाडा जा रही थी। माना जा रहा है कि सार्ट सर्किट के कारण यह दुर्घटना हुई। फॉरेंसिक विशेषज्ञ मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की सहायता ले सकते हैं।
वारंगल जिले के पुलिस अधीक्षक वी. सी. साजन्नर ने दुर्घटना में 31 यात्रियों के मारे जाने की पुष्टि की। दरअसल, शुक्रवार देर रात तक मृतकों की संख्या को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी।
रेल राज्य मंत्री नारायण भाई राथवा ने शुक्रवार को दुर्घटना में बीस यात्रियों के मारे जाने की पुष्टि की थी। लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*