छिंदवाड़ा में संत आसाराम बापू के आश्रम में एक और बच्चे की मौत (लीड-1)
छिंदवाड़ा, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में आसाराम बापू के गुरुकुल आश्रम में गुरुवार को एक पांच वर्षीय छात्र वेदांत कुमार मोढे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दो दिन के अंदर आश्रम में यह दूसरे बच्चे की मौत घटना है।
छिंदवाडा में इंदुमति विद्या निकेतन का संचालन आसाराम बापू का आश्रम करता है। इस आश्रम में देश भर के बच्चे अध्यापन के लिए आते हैं। यहां वर्तमान में लगभग आठ सौ बच्चे पढ़ते हैं। गुरुवार की शाम को पूणे का रहने वाला पांच वर्षीय वेदांत कुमार मोढे आश्रम के बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला, जिसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छिंदवाडा के पुलिस उप महानिरीक्षक क़े वैफई ने आईएएनएस को बताया कि वेदांत की मौत किस वजह से हुई? इसका चिकित्सक भी खुलासा नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में आश्रम के कर्मचारी भी पुलिस को कुछ नहीं बता रहे हैं। वैफई के मुताबिक दो दिन पहले रामकृष्ण यादव नामक छात्र की मौत और आज वेदांत की मौत ने कई सवाल खडे किए हैं।
उन्होंने कहा कि वेदांत के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। इसलिए पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पहले रामकृष्ण और अब वेदांत की मौत के संदर्भ में जब आश्रम के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने किसी भी तरह का उत्तर देने से साफ इनकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*