महीने में साढ़े तीन घंटे घर बतियाते हैं भारतीय अमेरिकी
न्यूयार्क, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका में रहने वाले भारतीय महीने में औसतन साढ़े तीन घंटे अपने घर बात करते हैं। इसके लिए वे अधिकांशत: मोबाइल फोन का सहारा लेते हैं।
विश्व में पहली बार उनकी अंतर्राष्ट्रीय संचार आदतों पर किए गए अध्ययन में यह तथ्य सामने आया है। अध्ययन करने वाली कंपनी रेबटेल ने एक बयान में कहा है कि जिन अमेरिकी शहरों से भारत में सबसे ज्यादा फोन किए जाते हैं उनमें न्यूजर्सी का प्रिंस्टन, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को, न्यूयार्क शहर और डलास शामिल हैं।
अमेरिका से भारत में जिन शहरों में सबसे अधिक फोन किए जाते हैं उनमें हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई और बंगलौर शामिल हैं। कोलकाता और नई दिल्ली का स्थान इसमें नीचे आता है।
रेबटेल का अध्ययन इस साल जनवरी से जुलाई के दौरान की गई फोन काल्स पर आधारित है।
रेबटेल ने पाया कि भारतीय अमेरिकी महीने में औसतन 210 मिनट भारत में बात करते हैं। रोजाना के लिए यह औसत सात मिनट ठहरता है।
रविवार को काल दरें सबसे सस्ती होने के कारण भारत फोन करने वालों का यह सबसे पसंदीदा दिन है। अध्ययन के निष्कर्षो के अनुसार अधिकांश भारतीय काल दरें सस्ती होने, काल सेवा की बेहतर गुणवत्ता के कारण रविवार को भारत फोन करना अधिक पसंद करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।