पाकिस्तानी सैनिकों ने फिर की भारतीय चौकियों पर गोलीबारी
श्रीनगर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सैनिकों ने वर्ष 2003 के द्विपक्षीय संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए बुधवार को फिर से कश्मीर घाटी के नवगाम सेक्टर में भारतीय ठिकानों पर गोलीबारी की।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल ए. के. माथुर ने कहा, "पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर नवगाम में फिर से भारतीय ठिकानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। हमारे जवान अभी तक संयम बरते हुए हैं। हमने पाकिस्तानी सैनिकों से गोलीबारी रोकने को कहा है, ताकि स्थिति और न बिगड़े।"
पिछले सोमवार को पाकिस्तानी सैनिकों के एक समूह ने कथित तौर पर नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा क्षेत्र में घुसने का प्रयास किया था, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में चार पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई थी जबकि एक भारतीय जवान शहीद हो गया।
रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने पाकिस्तान से संघर्षविराम के संबंध में 2003 में दोनों देशों के बीच बनी सहमति का सम्मान करने का आग्रह किया था।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस अकारण गोलीबारी के लिए भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान को कड़ा एतराज जताया था। सैन्य संचालन मामलों के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल ए. एस. सेखों ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष मेजर जनरल नासिर जंजुआ से हॉट लाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*