सरकार में शामिल होने का कोई निमंत्रण नहीं : अमर सिंह
लखनऊ, 28 जुलाई (आईएएनएस)। परमाणु करार के मुद्दे पर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का समर्थन करने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने सरकार में शामिल होने संबंधी अटकलों के बारे में साफ किया है कि अभी तक उसे इस संबंध में कांग्रेस की तरफ से कोई निमंत्रण नहीं मिला है।
राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में सपा के राष्ट्रीय महासिचव अमर सिंह ने कहा कि सपा की संप्रग सरकार में शामिल होने की न तो कोई योजना है और न ही अभी कांग्रेस की तरफ इस बारे में उसे कोई न्यौता ही मिला है।
उत्तर-प्रदेश में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से सपा और कांग्रेस दोनों का राजनीतिक द्वंद्व है, तो क्या परमाणु करार के मुद्दे पर संप्रग सरकार को समर्थन करने का फैसला दल हित में लिया गया। यह पूछे जाने पर अमर सिंह ने कहा कि परमाणु करार राष्ट्रीय और दल हित का समन्वय है। जहां करार राष्ट्रहित में है वहीं कांग्रेस से दोस्ती दल हित में है।
हाल ही में बंगलौर और अहमदाबाद में हुए बम धमाकों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा केंद्र सरकार पर लगाये गये सूचना तंत्र की विफलता के आरोपों को गलत बताते हुए अमर सिंह ने कहा कि भाजपा बम धमाकों के पीछे ओछी और सस्ती राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवानी और नरेंद्र मोदी सस्ती राजनीति करने में माहिर हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती पर हमला बोलते हुए अमर सिंह ने कहा कि जब अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, डी. पी. यादव, रमाकांत यादव, उमाकांत यादव मुलायम सिंह के साथ थे तो मायावती इन्हें गुंडा बोलती थीं। आज वही नेता जब बसपा के साथ हैं तो उन्हें पाक-साफ बताया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।