दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बनाई चुनाव प्रबंधन समिति
नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज 60 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा की।
लोकसभा में पार्टी संसदीय दल के उपनेता विजय कुमार मल्होत्रा को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, शत्रुघन सिन्हा, केदारनाथ साहनी और विजय कपूर को समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य सह सलाहकार बनाया गया है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमने प्रभावी रणनीति बनाने की शुरुआत कर दी है।"
उन्होंने कहा, "जल्द ही हम चुनाव घोषणापत्र समिति, चुनाव दुष्प्रचार समिति और अन्य समितियों की घोषणा करेंगे।"
हर्षवर्धन ने कहा कि हम जल्द ही उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया की शुरुआत कर देंगे। हम वैसे ही उम्मीदवारों को टिकट देंगे जो पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों के प्रति वफादार होंगे। टिकट वितरण के समय जिताऊ उम्मीदवारों का खासा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियां, सांसद रिश्वत कांड, महंगाई, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, सीलिंग और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की सरकार के झूठे आश्वासन हमारे मुख्य चुनावी मुद्दे होंगे।
60 सदस्यीय इस समिति में दिल्ली की मेयर आरती मेहरा, केंद्रीय महासचिव विजय गोयल, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता जगदीश मुखी समेत लालबिहारी तिवारी, सुभाष आर्य और विजेन्द्र गुप्ता जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।