प्रदेश से बाहर रह रहे हिमाचली राज्य की संस्कृति के राजदूत : धूमल
चंडीगढ़, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राज्य के बाहर रह रहे हिमाचली प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के राजदूत हैं जो अपने प्रदेश के विकास एवं कल्याण के लिए महत्वपूर्ण योगदान रे रहे हैं। मुख्यमंत्री आज चंडीगढ़ में हिमाचल महासभा के वार्षिक समारोह के अवसर पर बोल रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के लोग रोजगार के बेहतर अवसरों की तलाश में अपने गृह क्षेत्रों से बाहर गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में श्रेष्ठता हासिल कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में चंडीगढ़ में ही स्थाई रूप से रहने लगे हैं तथा शहर के विकास में अपना पूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण में वे अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ देश के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक है तथा यहां रहने वाले हिमाचलियों का इसके विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यहां रहने वाले हिमाचलियों द्वारा समय पर अनेक गतिविधियां आयोजित कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि अपने गृह क्षेत्र से दूर रहना ही अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सांस्कृतिक पहचान बनाए रखी जा सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।