भाजपा शासित राज्यों में हाई अलर्ट

मध्यप्रदेश सरकार ने किसी भी स्थिति का मुकाबला करने के लिए प्रदेश की पुलिस को सतर्क कर दिया है। साथ ही प्रदेश के प्रमुख शहरों और स्थानों पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी है।
वहीं बिहार में भी राज्य पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने का आदेश दिया है।
मध्यप्रदेश प्रतिबंधित संगठन स्टूडेन्ट इस्लामिक मूवमेन्ट ऑफ इंडिया (सिमी) का प्रमुख गढ़ है। फरवरी माह में पुलिस ने सिमी के मुखिया सफदर नागौरी सहित पचास सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। तब एक बात साफ हो गई थी कि सिमी की गतिविधियां प्रदेश में जारी हैं।
कर्नाटक में हुए बम विस्फोटों में भी सिमी का नाम आ रहा है। शनिवार को गुजरात भी दहल गया जहां के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी आतंकवादियों को खुली चुनौती दिया करते थे। पहले राजस्थान और अब इन दो राज्यों में हुए धमाकों से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरकारें चिंतित हैं क्योंकि जिन तीन राज्यों में धमाके हुए हैं वे सभी भाजपा शासित हैं।
मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक एस. क़े राउत ने आईएएनएस को बताया कि प्रदेश के सभी पुलिस महानिरीक्षकों, उप महानिरीक्षकों को सतर्क करने के साथ सिक्यूरिटी स्कॉर्ड और स्पेशल टास्क फोर्स को तैयार रहने के निर्देश दे दिए गए हैं।
पुलिस की ओर से जनता में जागृति लाने के भी प्रयास होंगे। लंबे अरसे से जो वाहन अथवा नगर निगम के कचरों के डब्बे एक स्थान पर रखे हुए हैं उन पर भी नजर रखी जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications