लोकसभा अध्यक्ष को इस्तीफा दे देना चाहिए था : वेंकैया
रायपुर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि वाम दलों द्वारा केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद ही लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए नायडू ने यहां कहा, "भारतीय लोकतंत्र दलीय व्यवस्था पर आधारित है। ऐसे में लोकसभा अध्यक्ष को अपनी पार्टी की भावना का ध्यान रखना चाहिए था।"
विश्वास प्रस्ताव के बारे में पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा, "संप्रग की बेशक जीत हुई है, लेकिन यह लोकतंत्र की हार है और नोटतंत्र की जीत। सरकार की जीत दागियों की जीत है, क्योंकि अमरसिंह ने कई सांसदों को रिश्वत दी।"
मध्यप्रदेश के दमोह से भाजपा सांसद चंद्रभान सिंह के बारे में पूछे गए एक सवाल पर नायडू ने कहा, "पार्टी को यह जानकारी मिल गई थी कि उन्होंने पहले से ही अस्पताल में कमरा बुक करवा लिया है। मतदान के दिन तीन बजे चंद्रभान ने कहा कि वे ठीक हैं, लेकिन मतदान से ऐन पहले वे गायब हो गए। सुनियोजित तरीके से उन्होंने पार्टी को धोखा दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications