देश का पहला मॉडल ब्लड बैंक भोपाल में
भोपाल, 25 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देश का पहला मॉडल ब्लड बैंक स्थापित किया जाएगा। साथ ही इसके जरिए लोगों में ऐच्छिक रक्तदान की भावना बढ़ाने की कोशिश की जाएगी, ताकि यह आंकड़ा 95 फीसदी तक पहुंच जाए। इतना ही नहीं इंदौर में एक बड़े ब्लड बैंक स्थापित किए जाने के साथ-साथ प्रदेश के 26 जिलों में ब्लड स्टोरेज सेंटर भी बनाए जाएंगे।
मॉडल बैंक की स्थापना के लिए हमीदिया अस्पताल में चल रही कोशिशों का केंद्रीय और प्रदेश स्वास्थ्य अधिकारियों के एक दल ने शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया। बाद में प्रदेश के मुख्य सचिव एम़ एम. उपाध्याय ने गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के डीन को देश के प्रमुख ब्लड बैंकों का दौरा करने का निर्देश दिया, ताकि वे जरूरतों को करीब से देख और समझ सकें।
मॉडल ब्लड बैंक में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जरूरतों को केंद्र सरकार पूरा करेगी, जबकि अधोसंरचना और कर्मचारियों की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी। इसके संचालन के लिए रोगी कल्याण समितियों और जन प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को जल्दी ही सुनिश्चित किया जाएगा। उम्मीद है कि यह ब्लड बैंक 15 सितंबर से पहले अस्तित्व में आ जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य संयुक्त सचिव डा़ प्रवीण कृष्ण ने इस मॉडल ब्लड बैंक को मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इसके जरिए सामुदायिक सहभागिता से राष्ट्रीय स्तर पर ऐच्छिक रक्त दान की मौजूदा स्थिति में 30 प्रतिशत की वृद्धि का लक्ष्य है। इसे 65 प्रतिशत से बढ़ाकर 95 प्रतिशत तक किया जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications